एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर लाखों रूपए की ठगी

एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर लाखों रूपए की ठगी

नेताओं से नजदीकी का दावा करने वाला आरोपी गिरफ्तार


सागर से न्यूज: 29 जनवरी 2026

सागर: मेडिकल शिक्षा में दाखिले की चाह और अभिभावकों की मजबूरी का फायदा उठाकर ठगी करने का एक गंभीर मामला सागर में सामने आया है। खुद को प्रभावशाली नेताओं का करीबी और मेडिकल कॉलेजों में गहरी पकड़ रखने वाला बताने वाले एक व्यक्ति ने एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक आयुर्वेद चिकित्सक से 28 लाख 75 हजार रुपए की ठगी कर ली। लंबे समय तक टालमटोल और पैसे लौटाने से साफ इनकार के बाद पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहननगर वार्ड निवासी आयुर्वेद चिकित्सक माधव गोविंद गुप्ता ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका बेटा हर्षवर्धन वर्ष 2022 में मेडिकल कॉलेज की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन अपेक्षित अंक नहीं आ पाए थे।इसी दौरान आरोपी रामकुमार उपाध्याय, निवासी चमेली चौक, फरियादी की क्लीनिक पर दवा लेने आता-जाता था। बातचीत के दौरान जब उसे बेटे के मेडिकल में चयन न होने की जानकारी मिली, तो उसने खुद को मेडिकल कॉलेजों में प्रभाव रखने वाला व्यक्ति बताते हुए दावा किया कि उसके बड़े नेताओं से अच्छे संबंध हैं और वह पहले भी कई छात्रों का एमबीबीएस में प्रवेश करा चुका है। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह हर्षवर्धन का मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला करा देगा, जिसके लिए 25 से 30 लाख रुपए खर्च होंगे। आरोपी की बातों में आकर फरियादी ने मई-जून 2022 से वर्ष 2023 तक अलग-अलग किश्तों में करीब 26 लाख रुपए नकद दे दिए। इस रकम के इंतजाम के लिए फरियादी को अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा। कुछ समय बाद आरोपी ने यह कहकर भरोसा दिलाया कि एडमिशन हो गया है और अतिरिक्त प्रक्रिया का हवाला देते हुए 2 लाख 75 हजार रुपए और ले लिए। हालांकि, वर्ष 2023 में बेटे के अच्छे अंक आने पर उसका विधिवत प्रवेश महावीर मेडिकल कॉलेज, भोपाल में हो गया। जब फरियादी ने आरोपी से अपने कुल 28 लाख 75 हजार रुपए वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। अंततः कुछ दिन पहले उसने साफ तौर पर कह दिया कि उसके पास पैसे नहीं हैं और जो करना है कर लो। इसके बाद फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के बाद मोतीनगर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी रामकुमार उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



न्यूज डेस्क | सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित : सागर ब्यूरो, 🕒 अपडेट : गुरूवार, 29 जनवरी 2026 | दोपहर 12:30 बजे

Comments