आरोपी दबोचे गए
बीएमसी में चाकूबाजी के फरार आरोपी दबोचे गए
![]() |
| •• गोपालगंज थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी•• |
सागर से न्यूज: 29 जनवरी,2025
सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर परिसर में हुई गंभीर चाकूबाजी की घटना के मामले में गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को बीएमसी सागर के इमरजेंसी वार्ड के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई थी, जब शराब के नशे में कुछ युवकों ने एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान आरोपी गोलू रैकवार ने अमोल यादव (40 वर्ष), निवासी ग्राम रसल्ला, थाना बहेरिया पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। हमले में अमोल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी गोलू रैकवार और तन्नु रैकवार, दोनों निवासी मनोरमा कॉलोनी, गोपालगंज मौके से फरार हो गए थे। मामले में थाना गोपालगंज में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस द्वारा तलाश शुरू की गई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोपालगंज निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहर में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मनोरमा कॉलोनी के सामने स्थित यूटीडी के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।गौरतलब है कि बीएमसी परिसर में घटित आपराधिक घटनाओं के क्रम में यह तीसरा बड़ा मामला है, जिसमें गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से जहां अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।

Comments
Post a Comment