मृतकों की गरिमा से लेकर अस्पतालों की सहूलियत तक

मृतकों की गरिमा से लेकर अस्पतालों की सहूलियत तक: आईएमए सागर का डबल एजेंडा, उपमुख्यमंत्री ने दिया समर्थन


सागर से न्यूज: 27 जनवरी 2026 

सागर: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा ने समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। मृतकों के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए सख्त कानून की मांग के साथ-साथ प्रदेश में अस्पतालों, क्लीनिकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना और संचालन को आसान बनाने हेतु Ease of Doing Business से जुड़ा एक विस्तृत प्रस्ताव उपमुख्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल को सौंपा गया।आईएमए सागर के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्य मंत्री से भेंट कर उन्हें आईएमए का 2026 कैलेंडर भेंट किया तथा राजस्थान में लागू राजस्थान मृत शरीर सम्मान अधिनियम, 2023 की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी इसी प्रकार का कानून लागू किए जाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मृतकों के साथ अमानवीय व्यवहार की घटनाओं पर प्रभावी रोक के लिए सख्त कानूनी व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।

इसके साथ ही आईएमए सागर ने प्रदेशभर में स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना, संचालन एवं नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल, सुगम और लागत प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक व्यापक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य क्षेत्र में Ease of Doing Business को बढ़ावा देना और चिकित्सकों व निवेशकों को अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से राहत दिलाना है।

प्रस्ताव में प्रमुख रूप से मांग की गई कि सभी आवश्यक अनुमतियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए, जिससे एक ही आवेदन फॉर्म के माध्यम से विभिन्न विभागों की स्वीकृति प्राप्त हो सके। इसके अलावा एनओसी प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध बनाने, अस्पतालों व क्लीनिकों से संबंधित स्थापना, संचालन और नवीनीकरण शुल्क को न्यूनतम स्तर पर लाने तथा एसओपी एवं एक्रीडिटेशन मानकों को स्पष्ट, व्यावहारिक और एकरूप बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

उपमुख्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आईएमए द्वारा रखे गए दोनों प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मृतकों का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानून बनना आवश्यक है। उन्होंने इस विषय पर शीघ्र विधानसभा में विधेयक प्रस्तुत करने के प्रयास का आश्वासन दिया। साथ ही उपमुख्य मंत्री ने अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना एवं संचालन प्रक्रिया को सरल बनाने के प्रस्ताव का भी समर्थन किया और इस दिशा में जल्द प्रशासनिक बदलाव के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही।

इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरी, डॉ. संतोष पटेल सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। आईएमए सागर ने इस सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे पर निरंतर जनजागरूकता फैलाने तथा कानून निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प दोहराया।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह