वक्फ बोर्ड पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

वक्फ बोर्ड के नाम पर फर्जीवाड़ा, ब्लैकमेल और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग, पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार



सागर से न्यूज: 22 जनवरी,2026

भोपाल जिला वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अलीम कुरैशी को शाहजहानाबाद पुलिस ने जाली दस्तावेजों के जरिए ब्लैकमेल करने और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अलीम कुरैशी पहले मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ थे, लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान उन पर कई गंभीर आरोप लगे, जिसके चलते उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद वह राजनीति में सक्रिय हो गए और बाद में भोपाल जिला वक्फ कमेटी के अध्यक्ष बने। इसी दौरान वक्फ बोर्ड से जुड़े मामलों में उन पर धोखाधड़ी और ब्लैकमेल के आरोप सामने आए।

जांच एजेंसियों के अनुसार, अलीम कुरैशी ने वक्फ बोर्ड के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और जाली दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने लोकायुक्त सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में शिकायतें दर्ज कराईं और अधिकारियों व संबंधित पक्षों पर दबाव बनाकर अवैध लाभ उठाने की कोशिश की। रिकॉर्ड के मुताबिक, 17 अगस्त 2023 को लोकायुक्त संगठन में दर्ज की गई शिकायत को जांच के बाद निराधार मानते हुए खारिज कर दिया गया था, इसके बावजूद 13 जनवरी 2025 को उसी मामले में दोबारा शिकायत दर्ज कराई गई।

दूसरी जांच में यह खुलासा हुआ कि वक्फ बोर्ड के नाम पर जारी किए गए सभी नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी थे और वक्फ बोर्ड द्वारा कभी जारी ही नहीं किए गए थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामला पहले ही निपट चुका था, फिर भी बार-बार शिकायतें कर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। इससे न केवल प्रशासनिक और वित्तीय नुकसान हुआ, बल्कि वक्फ बोर्ड की साख को भी गंभीर क्षति पहुंची और आम जनता में भ्रम की स्थिति बनी।

फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान अलीम कुरैशी से जाली दस्तावेज तैयार करने, शिकायतों के पीछे की साजिश और वक्फ संपत्तियों से जुड़े अन्य संभावित मामलों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में एक बड़े वक्फ माफिया नेटवर्क और कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।


न्यूज डेस्क |  सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित : सागर ब्यूरो, 

🕒 अपडेट : गुरुवार, 22 जनवरी 2026 | दोपहर 3:30 बजे

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह