पार्षद के घर हमला करने वाले बदमाश की निकली हेकड़ी,

पार्षद के घर हमला करने वाले बदमाश की निकली हेकड़ी, पुलिस ने घुमाया जुलूस




सागर से न्यूज: 8 मार्च,2026

मोतीनगर थाना क्षेत्र के केशवगंज वार्ड में महिला कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर के बाहर धारदार हथियार लेकर उत्पात मचाने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनका जुलूस निकाला। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को उसी इलाके में पैदल घुमाया, जहां कुछ दिन पहले उन्होंने पार्षद के घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से गेट पर वार किए थे और दोबारा मुखबिरी करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी थी।

जानकारी के अनुसार पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान केशवगंज वार्ड में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के बाहर निकल आए और आरोपी को पुलिस की निगरानी में पैदल ले जाते हुए देखा। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी थी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि इस मामले में केशवगंज वार्ड निवासी इम्तियाज अहमद पिता मोहम्मद खलील ने मोतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मोहल्ले के अजहर मनेहार, अरमान मनेहार सहित दो अन्य युवक उनके घर के बाहर पहुंचे थे। आरोप है कि सभी युवक गाली-गलौज करने लगे और अजहर मनेहार ने हाथ में लिए धारदार हथियार से घर के गेट पर दो-तीन बार वार किया।

फरियादी के अनुसार आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि दोबारा मुखबिरी की तो जान से खत्म कर देंगे। घटना के समय वहां मोहम्मद सलीम राईन और अयाज अंसारी भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी और सुनी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें एक युवक हाथ में धारदार हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 
पुलिस ने उन्हें घटना स्थल से ही जुलूस के रूप में पैदल घुमाते हुए पूरे क्षेत्र में मार्च कराया, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर केशवगंज वार्ड से कांग्रेस पार्षद नीलोफर अंसारी के पति चमन अंसारी ने कहा कि कुछ दिन पहले इलाके में कुछ युवकों द्वारा स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। आरोप है कि एक छात्रा की गर्दन पर कटर रखकर उसे डराने की भी कोशिश की गई थी। इस घटना के बाद पीड़ित छात्राओं ने मोतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। चमन अंसारी का कहना है कि पीड़ित छात्राएं मदद के लिए उनके पास आई थीं और उन्होंने उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने रंजिशन उनके घर के बाहर आकर उत्पात मचाया और धमकियां दीं। उन्होंने पुलिस द्वारा आरोपियों का जुलूस निकालने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए। उनका कहना है कि इन युवकों के आतंक से वार्डवासी ही नहीं बल्कि राह चलते स्कूली छात्र-छात्राएं भी परेशान रहते हैं और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है। पार्षद पति ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ऐसे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने से पहले कई बार सोचे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को इन आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाई पर भी विचार करना चाहिए, ताकि अपराधियों के हौसले पूरी तरह पस्त हों। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ऐसे आपराधिक किस्म के युवकों के सामाजिक बहिष्कार को लेकर भी समाज के वरिष्ठ लोगों से चर्चा की जा रही है, ताकि समाज स्तर पर भी ऐसे तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके।
मोतीनगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

एक नंबर... दो बसें! आरटीओ की चेकिंग में खुला ‘डबल नंबर’ का राज

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा