सामूहिक विवाह सम्मेलन

धर्म, संस्कृति, संस्कार व शिक्षा सशक्त समाज की आत्मा: पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह

मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव व साहू समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, सात बेटियों का हुआ विवाह


सागर से न्यूज: 15 मार्च,2026

सागर| शिक्षित परिवार सशक्त समाज के निर्माण की बुनियाद होता है। धर्म, संस्कृति, संस्कार और शिक्षा समाज के ऐसे आधार स्तंभ हैं जिन पर एक मजबूत और समृद्ध समाज खड़ा होता है। धर्म से निष्ठा, संस्कृति से स्वाभिमान, संस्कार से चरित्र निर्माण और शिक्षा से समाज को सामर्थ्य प्राप्त होता है। यह विचार पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने साहू समाज द्वारा आयोजित भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव एवं सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

जानकारी के अनुसार मोतीनगर स्थित सरस्वती गार्डन में आयोजित इस सम्मेलन में साहू समाज की ओर से सात बेटियों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।

 

पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जो समाज धर्म और संस्कृति से कट जाता है, वह धीरे-धीरे दिशाहीन हो जाता है। धर्म, संस्कृति और संस्कार समाज की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि संस्कारों का सबसे बड़ा दायित्व माता-पिता पर होता है और संस्कारों की पाठशाला मां के गर्भ से ही आरंभ हो जाती है। इसलिए माताओं को गर्भावस्था के दौरान रामायण, भागवत, कथा-श्रवण, पूजन जैसे धार्मिक कार्यों में प्रवृत्त रहना चाहिए। ऐसे वातावरण में ही राम, कृष्ण, सीता और पार्वती जैसी आदर्श संतानें जन्म लेती हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि त्याग, तपस्या और भक्ति की प्रतीक मां कर्मा देवी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। मां कर्मा देवी हमें यह संदेश देती हैं कि भगवान केवल 56 भोग से ही प्रसन्न नहीं होते, बल्कि सच्चे भक्ति भाव से यदि खिचड़ी भी अर्पित की जाए तो भगवान प्रसन्न हो जाते हैं। श्री सिंह ने कहा कि सच्ची भक्ति वही है जिसमें कोई गरीब भूखा न रहे। यदि भगवान के सामने 56 भोग सजाए जाएं लेकिन मंदिर के बाहर बैठा गरीब भूखा रह जाए, तो उसका कोई महत्व नहीं। समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची सेवा और भक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। जब समाज के लोग एक मंच पर एकत्रित होते हैं, तब समाज के विकास और उन्नति को लेकर सार्थक चर्चा होती है। समाज में वे लोग विशेष सम्मान के पात्र हैं जो अपना समय और धन लगाकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करते हैं।



 इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज यहां साहू समाज के गणमान्य सदस्य महेश साहू ने अपनी ओर से समाज की तीन बेटियों का विवाह कराया है, वहीं अन्य गणमान्य जनों के सहयोग से कुल सात बेटियों के विवाह संपन्न कराए गए हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शिक्षा की जिम्मेदारी भी समाज को मिलकर उठानी चाहिए तथा उनके लिए छात्रावास जैसी व्यवस्थाएं भी की जानी चाहिए। कार्यक्रम में महेश साहू, हुलासी राम साहु, गिरधारी लाल साहू, ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष साहू, शैलेंद्र साहू, सचिन साहू, राजू बत्रथी, राजाराम साहू, हरेंद्र साहू, प्लान साहू, पार्षद अशोक चकिया, युवा अध्यक्ष संदीप साहू, संजय साहू, राकेश साहू, अर्पित साहू, मोहित साहू, अरुण चकिया, हर्ष, सतीष, परिवेश सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य सदस्य एवं परिवार उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह