होमवर्क न दिखाने पर शिक्षक का कहर

 होमवर्क न दिखाने पर शिक्षक का कहर

मिशनरी स्कूल में 9वीं के छात्र की पिटाई, शरीर पर गंभीर चोटें: केस दर्ज



सागर से न्यूज: 7 फरवरी,2026

मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक मिशनरी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र से बेरहमी की हदें पार करने का मामला सामने आया है। रहली क्षेत्र स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट मिशनरी स्कूल में कक्षा 9वीं के 14 वर्षीय छात्र की सिर्फ इसलिए पिटाई कर दी गई क्योंकि वह होमवर्क की कॉपी नहीं दिखा सका। मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र के शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान बन गए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कक्षा के दौरान शिक्षक शैलेंद्र चढ़ार ने छात्र से होमवर्क की कॉपी मांगी। कॉपी न दिखाने पर शिक्षक आपे से बाहर हो गया और छात्र की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को हाथ-पैर और पीठ पर मारा, जिससे उसके शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान उभर आए। मारपीट के बाद छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। बच्चे की हालत देख परिजन घबरा गए और तुरंत उसे रहली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। मेडिकल जांच में चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।



पुलिस का कहना है कि छात्र के मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि स्कूल में हुई घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच टीम सोमवार को स्कूल पहुंचकर पूरे प्रकरण की पड़ताल करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।अभिभावकों का कहना है कि अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह