रात में मंदिरों के ताले तोड़ता, सुबह सब्जी बेचता था

रात में मंदिरों के ताले तोड़ता, सुबह सब्जी बेचता था

खरीदार बनकर पहुंची पुलिस ने मंडी से दबोचा शाति



सागर से न्यूज: 16 फरवरी,2025 (सोमवार)

सागर| थाना गोपालगंज क्षेत्र में मंदिरों की दानपेटियों में लगातार हो रही चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई वर्षों से योजनाबद्ध तरीके से मंदिरों को निशाना बना रहा था और दिन में ठेले पर सब्जी बेचकर सामान्य जीवन जीता था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा बीएमसी परिसर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर में 22 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात हुई चोरी के बाद हुआ। अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में प्रवेश कर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि पार कर दी थी। इस संबंध में डॉ. उमेश पटेल की रिपोर्ट पर गोपालगंज थाना में अपराध धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तकनीकी और मैदानी जांच प्रारंभ की गई।

•• सीसीटीवी फुटेज में शातिर आरोपी•• 


जांच में गिरफ्तार आरोपी समीर अली पिता शाहिद अली (43), निवासी बाघराज प्रधानमंत्री आवास, थाना मोतीनगर, जिला सागर निकला। आरोपी पेशे से ठेले पर सब्जी बेचता है। पुलिस के अनुसार वह दिनभर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमते हुए सुनसान और कम निगरानी वाले मंदिरों को चिन्हित करता था। जब उसकी सब्जी समाप्त हो जाती थी तो वह तड़के करीब 3 बजे स्कूटी से सब्जी मंडी जाने के लिए निकलता था। मंडी जाने से पहले वह चिन्हित मंदिर में प्रवेश कर लोहे की रॉड से दानपेटी का ताला तोड़ता और नगदी व अन्य सामान चोरी कर लेता था। वारदात के समय वह मास्क और गमछे से चेहरा पूरी तरह ढंक लेता था। चोरी के तुरंत बाद वह सीधे मंडी जाकर सब्जी खरीदता और दिनभर सामान्य रूप से ठेले पर बिक्री करता, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2020 से कई मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया है।

थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा ने विशेष टीम गठित की, जिसमें आरक्षक दशरथ मालवीय, आरक्षक नेकराम कौशल और आरक्षक अंकित तिवारी शामिल थे। घटनास्थल और कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज का हफ्तों तक विश्लेषण किया गया। संदिग्ध के मूवमेंट का रूट चार्ट तैयार किया गया, जिसमें सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी सब्जी मंडी की ओर जाता है। इसके बाद पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर कई दिनों तक सुबह 3 बजे से 6 बजे तक सब्जी मंडी में खरीदार बनकर निगरानी की। सीसीटीवी फुटेज से मेल खाते हुलिए के व्यक्ति की पहचान कर गोपनीय रूप से उसका पीछा किया गया और निवास की पुष्टि के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से दानपेटी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड, वारदात के समय उपयोग किया गया मास्क और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने दो अन्य मामलों को भी स्वीकार किया। 6-7 अक्टूबर 2025 की रात स्नेह नगर कालोनी स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर से लगभग 800 रुपए नगद और “हनुमानगढ़ी” लिखी पीतल की घंटी चोरी करना तथा 5-6 दिसंबर 2025 की रात बालक कॉम्प्लेक्स स्थित सिद्ध बाबा मंदिर की दो दानपेटियों से लगभग 2500 से 3000 रुपए नगद और “सिद्ध बाबा मंदिर” अंकित पीतल का घंटा चोरी करना उसने कबूल किया। पहले मामले में फरियादी बृजेश यादव पिता श्री जगदीश यादव, निवासी स्नेह नगर कालोनी तथा दूसरे मामले में फरियादी विवेक शर्मा पिता स्व. श्री आर.डी. शर्मा, निवासी बालक कॉम्प्लेक्स हैं।

इस कार्रवाई में एएसआई राजेश चौबे, प्रधान आरक्षक दीपक व्यास, प्रधान आरक्षक अनिल प्रभाकर, प्रधान आरक्षक अयूब खान, प्रधान आरक्षक कैलाश सेन, महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक, आरक्षक नेकराम कौशल, आरक्षक दशरथ मालवीय, आरक्षक अंकित तिवारी, आरक्षित थिरबम और आरक्षक चालक देवेंद्र पांडे की भूमिका रही। पुलिस आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में सतत निगरानी जारी है।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह