भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का सागर आगमन
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का सागर आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का भाजपा नेता एवं सक्रिय कार्यकर्ता सुमित यादव के तहसीली स्थित निज निवास पर आगमन हुआ। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा उनका पारंपरिक रूप से साल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष श्री पाटीदार के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। निवास स्थल को पार्टी ध्वजों एवं बैनरों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में उपस्थित ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं एवं नारेबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रति समर्पण और एकजुटता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री पाटीदार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है और संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। भाजपा नेता सुमित यादव ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि श्री पाटीदार का मार्गदर्शन संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि सागर जिले में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश भी प्राप्त हुए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


Comments
Post a Comment