सोमवार को सागर सब्जी मंडी में अवकाश पर असमंजस, थोक व्यापार रहेगा बंद

सोमवार को सागर सब्जी मंडी में अवकाश पर असमंजस, थोक व्यापार रहेगा बंद

सागर से न्यूज: 31 जनवरी,2026

सागर शहर की तिलकगंज स्थित मुख्य सब्जी मंडी में सोमवार के व्यापारिक अवकाश को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। थोक व्यापारियों द्वारा अवकाश की घोषणा किए जाने के बाद मंडी परिसर में अलग-अलग संदेशों वाले बैनरों ने व्यापारियों, किसानों और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है।मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर जहां एक ओर सोमवार को मंडी बंद रहने की सूचना वाला फ्लेक्स लगाया गया है, वहीं उसी गेट पर एक अन्य फ्लेक्स में मंडी खुली रहने का उल्लेख किया गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सोमवार को मंडी में वास्तविक स्थिति क्या रहेगी।


इस पूरे मामले पर आदर्श थोक फल एवं सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि 14 तारीख को हुई बैठक में लिया गया निर्णय यथावत रहेगा। उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े सभी थोक व्यापारी सोमवार को अपना व्यापार पूरी तरह बंद रखेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह प्रतिबंध केवल थोक व्यापारियों पर लागू होगा। मंडी परिसर खुला रहेगा और किसानों अथवा अन्य विक्रेताओं के प्रवेश पर कोई रोक नहीं होगी। कोई भी किसान या व्यापारी यदि अपनी इच्छा से व्यापार करना चाहता है, तो उस पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। फुटकर सब्जी विक्रेताओं ने भी एक दिवसीय अवकाश का समर्थन किया है। फुटकर संघ के अध्यक्ष हरिराम पटेल ने कहा कि फुटकर व्यापारी साल के 365 दिन, रात तीन बजे से काम करते हैं और उन्हें भी सप्ताह में एक दिन अवकाश की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में शनिवार-रविवार की छुट्टी होती है, ऐसे में व्यापारियों को भी सप्ताह में एक दिन आराम मिलना चाहिए। इससे वे अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों को निभा सकेंगे। थोक और फुटकर व्यापारियों के बीच मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए व्यापारियों ने कहा कि मंडी में किसी प्रकार का विरोधाभास नहीं है। सभी एकजुट हैं और अवकाश को लेकर सहमति बनी हुई है। यदि किसी स्तर पर असहमति है भी, तो आपसी बातचीत से उसे सुलझा लिया जाएगा।
फिलहाल मंडी परिसर में हम्माल यूनियन भी अवकाश के समर्थन में नारेबाजी करते हुए दिखाई दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि सागर की सब्जी मंडी में यह लंबे समय बाद पहला मौका है जब एक दिवसीय व्यापारिक अवकाश पर व्यापक सहमति बनी है।
अब सभी की निगाहें सोमवार पर टिकी हैं, जब यह स्पष्ट होगा कि मंडी पूरी तरह बंद रहती है या कहीं-कहीं व्यापारिक गतिविधियां जारी रहती हैं। यह पहला अवकाश ही तय करेगा कि हर सोमवार मंडी बंद रखने की परंपरा कितनी सफल हो पाती है। व्यापारी संगठनों का कहना है कि यह निर्णय हम्मालों, किसानों और व्यापारियों सभी के हित में लिया गया है, ताकि सप्ताह में कम से कम एक दिन सभी को राहत और फुर्सत मिल सके।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह