एसआईआर: मुस्लिम समाज का मौन जुलूस

एसआईआर: मुस्लिम समाज का मौन जुलूस, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

SIR प्रक्रिया में भेदभाव का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग


सागर से न्यूज: 30 जनवरी,2026

सागर: सागर जिले में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण ढंग से मौन जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया। शनिवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग खेल परिसर के पास एकत्रित हुए, जहां से वे मौन जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रतीक रजक को सौंपा। जुलूस पूरी तरह शांत, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से निकाला गया। किसी भी प्रकार की नारेबाजी नहीं की गई। ज्ञापन में  उल्लेख किया गया है कि SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज आपत्तियों और जारी नोटिसों का अवलोकन करने पर यह तथ्य सामने आया है कि मुख्यतः मुस्लिम नामों पर ही आपत्तियाँ दर्ज की जा रही हैं। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं में भी अधिकांश मुस्लिम समुदाय से जुड़े बताए गए हैं। समाज के लोगों का कहना है कि इस प्रकार की चयनात्मक प्रक्रिया से भेदभाव की भावना उत्पन्न हो रही है, जो सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि कुछ असामाजिक तत्वों या राजनीतिक प्रभावों के चलते मतदाता सूची में धर्म के आधार पर नाम कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि यह सही पाया जाता है, तो यह भारतीय संविधान की मूल भावना, समानता और धर्मनिरपेक्षता के विरुद्ध होगा।

इस दौरान समाज के वरिष्ठ धर्मगुरु मुफ़्ती अबरार उल हक ने कहा मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि किसी खास समुदाय को चुनकर परेशान किया जा रहा है, तो यह बेहद गंभीर विषय है। मुस्लिम समाज ने पूरी शांति और संयम के साथ अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई है। हमें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस मामले में शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो मुस्लिम समाज न्यायालय का रुख अपनाने के लिए बाध्य होगा।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह