फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह

 फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह

मारपीट की एफआईआर के बाद कलेक्टर तक पहुंचा भुगतान और अनुमति का मामला

•• प्रतीकात्मक फोटो •• 

सागर से न्यूज: 29 जनवरी,2026 

सागर: शहर में बनाई जा रही हॉरर फिल्म मायरा की शूटिंग के दौरान उपजे विवाद ने अब कानूनी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर तूल पकड़ लिया है। एक ओर फिल्म डायरेक्टर की शिकायत पर मोतीनगर थाने में मारपीट और धमकी का प्रकरण दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर शूटिंग से जुड़े एक अन्य पक्ष ने कलेक्टर को विस्तृत शिकायती पत्र सौंपकर भुगतान, सुरक्षा और शूटिंग अनुमति से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों शिकायतों के सामने आने के बाद मामला पूरी तरह विवादित हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी ताहिर हुसैन पिता सुल्तान कुरणे (49) निवासी 1366-ए वार्ड, ताराबाई रोड, शिवाजी पेठ, कोल्हापुर (महाराष्ट्र) हाल निवासी मंगलगिरी धर्मशाला, अंबेडकर वार्ड, सागर, पेशे से फिल्म डायरेक्टर हैं। उन्होंने मोतीनगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने दोस्त विक्रम सिंह निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड के साथ मंगलगिरी कैंटीन के पास फिल्म मायरा की शूटिंग कर रहे थे।इसी दौरान अक्कू उर्फ अकरम खान एवं असलम खान निवासी शुक्रवारी टोरी, सागर, मौके पर पहुंचे और गाड़ी के किराए के लेन-देन को लेकर विवाद करने लगे। फरियादी के अनुसार दोनों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूंसे से मारपीट की, जिससे उन्हें गाल, सीना और हाथों में अंदरूनी चोटें आईं। घटना के समय मौके पर मौजूद धनंजय एमकर, शिरीष उधाडे एवं फिल्म यूनिट के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि जाते समय दोनों व्यक्तियों ने रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फरियादी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कलेक्टर को आवेदन: भुगतान न मिलने और झूठे केस में फंसाने का आरोप

इधर, इसी मामले से जुड़े अकरम खान पिता असगर खान (40) निवासी शुक्रवारी वार्ड, सागर, ने सागर कलेक्टर संदीप जी.आर को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने बताया कि फिल्म मायरा के डायरेक्टर ताहिर हुसैन, निर्माता सुनील कुमार जैन और उनके पार्टनर माधव उपाध्ये के साथ उनकी सहभागिता फिल्म की शूटिंग के लिए तय हुई थी। आवेदन के अनुसार, अकरम खान द्वारा सागर में शूटिंग लोकेशन देखना, प्रशासनिक अनुमति में सहयोग, गाड़ियों की व्यवस्था, शूटिंग स्टाफ, जूनियर कलाकार, सपोर्टिंग एक्टर, भोजन-पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं कराई गईं। इसके बदले उन्हें फिल्म में पार्टनरशिप के आधार पर करीब 25 से 30 लाख रुपये भुगतान किए जाने की बात तय हुई थी। शुरुआत में 5 लाख रुपये दिए जाने और शूटिंग पूर्ण होने पर शेष राशि देने का आश्वासन दिया गया था। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि तय भुगतान नहीं मिलने पर जब लिखित अनुबंध की बात कही गई तो विवाद की स्थिति बनी। आरोप लगाया गया है कि इसके बाद उनके खिलाफ मोतीनगर थाने में झूठी शिकायत करवाई गई और उन्हें व उनके भाई को निरोधात्मक धाराओं में जेल भेजने का प्रयास किया गया। कलेक्टर को दिए आवेदन में यह भी कहा गया है कि फिल्म की शूटिंग के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय से केवल 6 दिनों की अनुमति ली गई थी, इसके बावजूद अन्य स्थानों पर बिना अनुमति शूटिंग किए जाने की बात सामने आई है। आवेदनकर्ता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। पुलिस ने बताया कि एफआईआर के आधार पर जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कलेक्टर कार्यालय में प्राप्त आवेदन को भी नियमानुसार परीक्षण में लिया गया है। फिलहाल फिल्म मायरा की शूटिंग से जुड़ा यह मामला पुलिस जांच और प्रशासनिक परीक्षण—दोनों प्रक्रियाओं के तहत है।


न्यूज डेस्क | सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित : सागर ब्यूरो, 🕒 अपडेट : गुरूवार, 29 जनवरी 2026 | शाम 5:22 बजे

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की