दो साल पुराने फायरिंग प्रकरण में जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार

दो साल पुराने फायरिंग प्रकरण में जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, केबिनेट मंत्री के बयान से सियासत गरमाई

ढाबे पर फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में बांदरी पुलिस की कार्रवाई

•• सर्वजीत सिंह जिला पंचायत सदस्य •• 


सागर से न्यूज: 5 जुलाई,2026 

सागर। सागर जिले के 2 वर्ष पूर्व बहुचर्चित ढाबा फायरिंग एवं तोड़फोड़ प्रकरण में रविवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब बांदरी पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष सर्वजीत सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मालथौन सिविल न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में खुरई उपजेल भेजने के आदेश दिए। दो वर्ष पुराने मामले में हुई इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी गिरफ्तारी के समय और तरीके पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है।

|केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई|


बांदरी थाना प्रभारी सुमेर जगेत ने बताया कि वर्ष 2024 में थाना क्षेत्र स्थित सौरभ ढाबा पर कुछ लोगों ने विवाद के दौरान हंगामा, तोड़फोड़ और फायरिंग की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस प्रकरण में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी सहित कई लोगों को आरोपी बनाया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में रविवार को सर्वजीत सिंह लोधी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद ढाबे पर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग हंगामा करते और हथियार लहराते दिखाई देने का दावा किया गया था। पुलिस ने वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर के साथ अभद्रता की गई थी और फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए थे। रविवार को पुलिस ने सर्वजीत सिंह लोधी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मालथौन सिविल न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में खुरई उपजेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया मंच  पर पोस्ट कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि "सागर जिले के जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष सर्वजीत सिंह लोधी की गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है। दो वर्षों तक प्रकरण को लंबित रखने के बाद अब गिरफ्तारी करना समझ से परे है। यह केवल अपमानित करने की कोशिश प्रतीत होती है। मैं ऐसी कार्रवाई की निंदा करता हूं।" मंत्री की इस टिप्पणी के बाद मामला केवल कानूनी नहीं बल्कि राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया। भाजपा संगठन और स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे

सर्वजीत सिंह लोधी लोधी समाज के सक्रिय चेहरों में माने जाते हैं और जिला पंचायत सदस्य होने के साथ सामाजिक संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की गई है तथा इसका किसी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

पुलिस का स्पष्ट कहना- कानून अपना काम कर रहा है

थाना प्रभारी सुमेर जगेत ने कहा कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आए, उनके आधार पर कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेजा गया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


मंत्री के बयान के बाद इस प्रकरण के राजनीतिक असर पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस की आगामी कार्रवाई और मामले की न्यायालयीन सुनवाई पर जिले के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की निगाहें टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में यह मामला सियासी बहस का बड़ा विषय बन सकता है।




Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की